आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के राज्य प्रधान और सांसद भगवंत मान ने कहा है कि अगर नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी में आते हैं तो उनका स्वागत है।
चंडीगढ़ प्रेस क्लब में रविवार को बुलाई प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए भगवंत मान ने कहा ने कहा कि नवजोत सिद्धू साफ छवि वाले नेता हैैं और मैं व्यक्तिगत तौर पर भी उनका फैन हूं। उन्होंने कहा कि लेकिन पंजाब के लिए नवजोत सिद्दू, भगवंत मान या सुखपाल खैरा मुद्दा नहीं है बल्कि असली मुद्दे किसानों की आत्महत्या, नशे में डूबते नौजवान और बेरोजगारी हैं।
भगवंत मान ने पंजाब का हित चाहने वाले सभी लोगों से आह्वान किया कि आओ एकजुट होकर पंजाब को फिर से नंबर 1 राज्य बनाएं, क्योंकि कांग्रेसी और अकाली-भाजपा जैसी रिवायती पार्टियों ने पंजाब को नोच-नोच कर खा लिया है।
उन्होंने कहा कि आज पंजाब में हर जन्म लेने वाले बच्चे के सिर 70 हजार रुपये से अधिक का कर्ज होता है और सवा ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक का ऋणी हो चुका है। इस मौके पर भाजपा के यूथ नेता गुरतेज पन्नू अपने साथियों समेत आम आदमी पार्टी में रस्मी तौर पर शामिल हो गए, जिनका भगवंत मान ने पार्टी में स्वागत किया।
पार्टी में शामिल होने वालों में हनी बाजवा, तीर्थ चाहल, रवि पठानकोट, अनुमित, बनी सिद्धू, धीरज गुुपता के नाम प्रमुख हैं। मान ने कहा कि अकाली, कांग्रेसियों की भ्रष्ट और माफिया सरकारों ने ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं कि पंजाब का भविष्य कहे जाने वाले पढ़े-लिखे नौजवान अपने हाथों में डिग्रियां लेकर सडक़ों पर अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं और रिवायती पार्टियां उनको हक देने की बजाय लाठियां बरसा रही है।
मान ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गुटका साहिब की कसम ली थी कि वह 4 हफ्तों में नशा तस्करों को काबू कर लेंगे लेकिन अफसोस अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि नौजवान तो अब हाथियों को बेहोश करने वाली दवाओं का इस्तेमाल करने लग गए हैं और इस दवा की ओवरडोज से वह मौत के मुंह में जा रहे हैं।