पंचकूला। मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने कहा कि कोविड-19 के कारण निकट भविष्य में उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हमें तत्पर रहना चाहिए।
इसके लिए अंतर विश्लेषण करके सभी कमियों को दूर किए जाने की दिशा में कार्य करें ताकि लोगों को इस गंभीर बीमारी से निजात मिल सके। मुख्य सचिव वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोविड-19 के नोडल अधिकारियों और जिला उपायुक्तों के साथ संकट समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहीं थी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिलों में कोविड-19 के प्रबंधन के लिए टेस्टिंग सुविधा बढ़ाने, कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग, क्लीनिकल मैनेजमेंट पर अधिक ध्यान केंद्रित करने, कंटेनमेंट जोन की कड़ी निगरानी पर बल देने के साथ-साथ जन-जागरूकता गतिविधियों को बढ़ाएं। इस दौरान नगराधीश धीरज चहल, सिविल सर्जन, सहित संबधित अधिकारी मौजूद रहे।
रणनीति बनाकर कर रहे काम : डीसी
उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने कहा कि कोविड केयर सेंटर मेें ऑक्सीजन सिलिंडर, वेंटीलेटर की सुविधाओं को और बढ़ाया गया है। इसके अलावा जिला स्तर पर सिविल सर्जन की अध्यक्षता में मल्टी डिसीप्लीनरी टीम का गठन किया गया है। प्रतिदिन कोरोना के गंभीर मामलों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों के साथ विस्तृत रणनीति बनाकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के बीच पूर्ण तालमेल के साथ कार्य किया जा रहा है।