संवाद न्यूज एजेंसी
बटाला। करवाचौथ की रात शुक्रवार को बटाला के खजरी गेट के पास एक बूट शोरूम पर हुई फायरिंग में दो लोगों की मौत और 4 लोगों के घायल होने से आक्रोषित हिंदू संगठनों और अन्य जत्थेबंदियों ने सोमवार को रोष जताने के लिए बटाला बंद के आह्वान पर सोमवार को बटाला का अंदरून बाजार पूरी तरह बंद रहा लेकिन ग्रामीण क्षेत्र खुला रहा।
इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन दुकानदारों को अपनी दुकानें खोलने के लिए प्रेरित करने में जुटा दिखा। वहीं, सोमवार को बटाला के निजी संस्थान बंद कर दिए गए जबकि सरकारी संस्थान खुले रहे। सोमवार को रोष के रूप में शिवसेना बाल ठाकरे, शिव सेना हिंदुस्तान, बजरंग दल और अन्य राजनीतिक दलों द्वारा शहर में प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में हिंदू नेताओं ने किला मंडी से रोष मार्च निकाला जबकि दूसरी तरफ कांग्रेसी नेता एडवोकेट अमनदीप जैतींपुर और अन्य नेताओं ने चंदा खजाना से रोष मार्च निकाला। यह सभी लोग रोष मार्च निकालते हुए गांधी चौक पर पहुंचे और करीब दो घंटे प्रदर्शन किया।
विभिन्न प्रवक्ताओं ने कहा कि लोगों को दिनदहाड़े रंगदारी की कॉल आ रही हैं। गैंगस्टरों द्वारा कारोबारियों पर गोलियां चलाई जा रही हैं।बटाला में लॉ एंड आर्डर की व्यवस्था चरमरा गई है।
एसएसपी बटाला के आश्वासन के बाद प्रदर्शन किया समाप्त
सोमवार को चल रहे प्रदर्शन के दौरान एसएसपी बटाला सुहेल कासिम मीर ने प्रदर्शनकारी नेताओं से एक बैठक की और आश्वस्त किया। प्रदर्शनकारियों नेताओं ने एसएसपी बटाला के आश्वासन के बाद अपना प्रदर्शन पर विराम लगाया। इस मौके पर एसपी बटाला गुरप्रताप सिंह सहोता ने बताया कि पुलिस इस केस में बड़ी मुस्तैदी से काम कर रही है। पुलिस ने कुछ लोगों पर मामला दर्ज किया है। इस गोली कांड से संबंधित कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य को भी गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।