आरडब्ल्यूए की मांग पर पुलिस का फैसला, यातायात का आकलन कर लिया जाएगा स्थायी निर्णय
सुबह 8 से 10 बजे और शाम 4 से 6 बजे तक खुला रहेगा मार्ग
ट्रैफिक दबाव, जाम और सड़क सुरक्षा पर रखी जाएगी नजर
पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर पुलिस ने माजरी चौक पर लगाए गए बैरिकेड ट्रायल के आधार पर हटाने का निर्णय लिया है। शुक्रवार से लागू हुई नई व्यवस्था के तहत प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे और शाम 4 से 6 बजे तक इस मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जाएगा। ट्रायल अवधि के दौरान यातायात की स्थिति का आकलन करने के बाद स्थायी फैसला लिया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देश पर यह व्यवस्था शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार एक दिन पहले विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के पदाधिकारियों ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर माजरी चौक पर लगाए गए बैरिकेड हटाने की मांग उठाई थी। उनका कहना था कि बैरिकेड के कारण लोगों को रोजाना आने-जाने में परेशानी होती है और वाहनों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है।
पुलिस कमिश्नर ने लोगों को आश्वस्त किया था कि आमजन की सुविधा और यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद ट्रायल के तौर पर बैरिकेड हटाने का फैसला किया गया।
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि ट्रायल अवधि के दौरान वाहनों की संख्या, ट्रैफिक का दबाव, जाम की स्थिति और सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की लगातार निगरानी की जाएगी। यदि व्यवस्था सफल रहती है तो इसे स्थायी रूप से लागू करने पर विचार किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इसमें बदलाव भी किए जा सकते हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ट्रायल अवधि के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें, ताकि सही आकलन के आधार पर आमजन के हित में अंतिम निर्णय लिया जा सके।