पूर्व पुलिस महानिदेशक सुमेध सिंह सैनी
- फोटो : सोशल मीडिया
29 साल पुराने आईएएस के बेटे बलवंत सिंह मुल्तानी के अपहरण और हत्या के मामले में पंजाब के पूर्व डीजीपी सुमेध सैनी की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापे मार रही एसआईटी ने रविवार को भी प्रयास जारी रखे। एसआईटी ने रविवार को सुमेध सैनी की सुरक्षा में तैनात 26 मुलाजिमों से भी पूछताछ की।
सूत्रों के अनुसार, एसआईटी ने सुरक्षाकर्मियों से कई घंटे तक पूछताछ की। इसमें क्या जानकारी एसआईटी के हाथ लगी, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। एसआईटी ने इन सुरक्षा कर्मियों से पूछा कि पूर्व डीजीपी उनको और वाहनों को अपने घर के बाहर खड़ा कर कहां लापता हो गए और उनको अब तक उनके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। एसआईटी इसे सुरक्षाकर्मियों की बड़ी चूक के रूप में देख रही है और आगामी दिनों में मुलाजिमों पर इसकी गाज गिर सकती है।
दोबारा वारंट जारी होने से एसआईटी भी दबाव में
उधर, सुमेध सैनी की गिरफ्तारी का दोबारा वारंट जारी होने से एसआईटी भी दबाव में है, क्योंकि उसे 25 सितंबर तक गिरफ्तार करके अदालत में पेश करना है। इसलिए पूर्व डीजीपी को गिरफ्तार करने की कोशिशें तेज हो गई हैं। उनकी तलाश में देश भर में छापे मारे जा रहे हैं। यही नहीं, उनके दोस्तों, रिश्तेदारों के बाद अब उनकी सुरक्षा में तैनात 26 जवानों से भी कई घंटे पूछताछ की गई।