अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मक्का की फसल की खरीद सुनिश्चित करने में असमर्थ होने के लिए आम आदमी पार्टी सरकार की आलोचना की।
बाजवा ने कहा कि मक्का की फसल के लिए एमएसपी 2025-26 के लिए 2400 रुपये प्रति क्विंटल है। हालांकि, राज्य भर के किसान को कम कीमतों पर अपनी उपज बेचने के लिए मजबूर किया जा रहा है। नमी की अधिक मात्रा वाली मक्का फसलें मात्र 1300 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर बेची जा रही हैं, जबकि सूखे मक्का की फसल 1900 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बेची जा रही है।
बाजवा ने कहा कि सरकार का 2022 में मुख्य विधानसभा चुनाव वादा एमएसपी पर मक्का फसलों की खरीद सुनिश्चित करना था। सरकार इस वादे को पूरा करने में विफल रही, क्योंकि वह अपने अन्य वादों से मुकर गई। पंजाब में आप के सत्ता में आने के बाद से मक्के की पैदावार कभी भी एमएसपी पर नहीं खरीदी गई।
मक्के की पूरी फसल को एमएसपी पर तत्काल खरीदने की मांग करते हुए बाजवा ने कहा कि ऐसा करने में विफल रहने से पंजाब सरकार के फसल विविधीकरण कार्यक्रम को झटका लगेगा।