खुद को रक्षा विभाग का कर्मचारी बताया था, जुलाई में हुई थी गिरफ्तारी
पंचकूला। खुद को रक्षा विभाग का कर्मचारी बताकर एसबीआई से 21 लाख रुपये का पर्सनल लोन लेने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज जमा कराने के आरोपी मिंटू की जमानत याचिका जिला अदालत ने खारिज कर दी। आरोपी पंजाब के फतेहगढ़ साहिब स्थित डीसी कार्यालय में चपरासी है।
एसबीआई के मुख्य प्रबंधक की शिकायत पर सेक्टर-5 थाने में 14 मई 2026 को मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार आरोपी ने 11 मार्च 2025 को लोन के लिए आवेदन किया था। जांच में उसका सर्विस सर्टिफिकेट और वेतन पर्ची कथित तौर पर फर्जी पाए गए। पुलिस ने उसे पांच जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया था। उसके बयान पर घर से 20 हजार रुपये बरामद किए गए। मामले में राहुल कुमार अग्रवाल और अभिषेक धीर भी गिरफ्तार हुए थे।
बचाव पक्ष ने आरोपी के बेटे की दिव्यांगता का हवाला देकर जमानत मांगी, जबकि सरकारी पक्ष ने विरोध किया। अदालत ने दलीलें सुनने के बाद याचिका खारिज कर दी। मामले में आरोपों पर अंतिम निर्णय होना बाकी है।