पंचकूला। अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) पंचकूला की ओर बुधवार को विभिन्न स्थानों पर विशेष कानूनी जागरूकता शिविर लगाए। यह अभियान हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (एचएएलएसए) की कार्य योजना एचएएलएसए-2025 के तहत संचालित हुआ।
शिविरों का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों और इससे जुड़ी कानूनी जटिलताओं के प्रति जागरूक करना रहा। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं सचिव अपर्णा भारद्वाज ने बताया कि इस अवसर पर शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पिंजौर के निकट जोलूवाल गांव में पैनल अधिवक्ता आशीष ने ग्रामीणों को नशीली दवाओं के दुष्परिणाम बताए और कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। वहीं सेक्टर 16 स्थित चिल्ड्रन केयर इंस्टीट्यूशन आशियाना में अधिवक्ता सुमिता वालिया ने बच्चों और स्टाफ को जागरूक किया। सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज मोरनी में अधिवक्ता संदीप राय शर्मा के सत्र में प्रिंसिपल श्री दलजीत सिंह ने छात्रों से नशे से दूर रहने की अपील की। वहीं, सेक्टर 6 स्थित सरकारी अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र में डॉ. मनोज ने नशे की लत, इलाज और कानूनी सहायता पर विशेष सत्र लिया।