माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से सेक्टर-1 पीजी कॉलेज में शुक्रवार को पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बारे में जागरूक किया गया। पंचकूला साइबर थाना से साइबर एक्सपर्ट सब इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह और सब इंस्पेक्टर प्रदीप राणा ने विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने साइबर ठगी से बचाव की बारीकियां बताईं। साइबर एक्सपर्ट्स सब इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह ने बताया कि अगर किसी को पैसे कमाने और नौकरी देने का लालच देकर लिंक भेजा जाता है, तो उस पर क्लिक नहीं करें। पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही इस पर क्लिक करें। किसी भी अनजान व्यक्ति से मोबाइल, फेसबुक और मैसेंजर के माध्यम से वीडियो कॉल पर बात नहीं करें। फर्जी फोन कॉल्स को नहीं उठाएं। किसी भी बाहरी नंबर के लिंक पर क्लिक नहीं करें। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने खाते, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और पेटीएम का पासवर्ड नहीं बताएं। इसमें डिटेल भरने के बाद लोग हैक कर लते हैं। मोबाइल, वीडियो कॉल, मैसेंजर के माध्यम से किसी अनजान व्यक्ति से बात करने से सतर्क रहें। कई बार लोग आपकी आईडी हैक कर आपके संबंधियों से पैसे मांगने लगते हैं। इससे भी बचाव करना चाहिए। लोगों को समय समय पर अपने ईमेल आईडी, फेसबुक आईडी का पासवर्ड चेंज करना चाहिए। कई बार पासवर्ड अधिक समय तक नहीं बदलने पर भी ठगी हो जाती है। इसलिए लोगों को सतर्क रहकर अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना चाहिए। इस मौके पर कॉलेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर आदित्य खुराना, डॉ. चित्रा तंवर, नवीन कुमार और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. श्रेयसी और अनिल कुमार पाण्डेय मौजूद रहे।
सतर्क रहने की मिली जानकारी
पुलिस की पाठशाला में सतर्क रहने की जानकारी मिली है। इसके माध्यम से फर्जी लिंक के बारे में जानकारी मिली है। इस पाठशाला से मिले ज्ञान से अपने पड़ोस के लोगों को जागरूक करूंगा। यह बहुत बेहतरीन कदम है। - प्रदीप कुमार, विद्यार्थी
मोबाइल का इस्तेमाल सही तरीके से करें
मोबाइल फोन का इस्तेमाल सही तरीके से करें। इसके लिए पाठशाला में सही तरीके से जागरूक किया गया है। फोन के इस्तेमाल को लेकर घर के सभी लोगों को जानकारी देंगे। - श्रद्धा, विद्यार्थी
बैंक अकाउंट की जानकारी नहीं शेयर करें
लोगों को अपने बैंक अकाउंट की डिटेल किसी भी अजनबी से साझा नहीं करनी चाहिए। कई बार लोग मैसेज आने, बिजली के बिल अपडेट करने के नाम पर पर्सनल जानकारी दे देते हैं। पाठशाला के माध्यम से बहुत अच्छी जानकारी मिली है। इससे हम सतर्क रहेंगे। - निकिता, विद्यार्थी
मोबाइल एप डाउनलोड नहीं करें
कई बार हेल्पलाइन नंबर के लोग गलत जानकारी देकर फोन पर कई एप डाउनलोड करवाते हैं। इसके बाद आपके अकाउंट को हैक कर लेते हैं। लोगों को मोबाइल एप बिना जानकारी के अपने मोबाइल पर डाउनलोड नहीं करना चाहिए। पाठशाला से हमें महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। - मुद्दसिर, विद्यार्थी