पंचकूला। शहर में सक्रिय नशीला पदार्थ सुंघाकर गहने चोरी करने में जुटा ऑटो गैंग ने फिर एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया है। तीन सदस्यीय लुटेरा गैंग बुजुर्ग से सोने के दो कंगन ले उड़ा। उन्हें अपने कंगन गायब होने का पता 25 फरवरी को लगा। तब बुजुर्ग ने पुलिस को शिकायत देकर आपबीती बयां की। सेक्टर-5 पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। सेक्टर-4 निवासी कमला रानी ने पुलिस को बताया कि 24 फरवरी की सुबह करीब दस बजे वह सिविल अस्पताल-6 में दवाई लेने पैदल निकली थी। सेक्टर-11 स्थित लाल क्वार्टर के समीप से उन्होंने अस्पताल के लिए ऑटो लिया। ऑटो चालक ने उन्हें थोड़ा आगे ले जाकर उतार दिया और डिवाइडर के दूसरी तरफ की सड़क पर पैदल आने को कहा। बुजुर्ग पैदल डिवाइडर को लांघ कर दूसरी तरफ की सड़क पर पहुंची।
बाइक सवार दो लड़कों ने लूट का दिया झांसा
बुजुर्ग कमला रानी के डिवाइडर लांघते ही बाइक सवार दो लड़के उनके पास पहुंचे। उन्होंने बुजुर्ग को कुछ ही देर पहले चाकू की नोक पर लूट होने का डरावा दिया। उन्होंने महिला को उनके सोने के कड़े उतारकर बैग में रखने को कहा। बुजुर्ग ने सोने के कड़े उतारकर पर्स में रख लिए। फिर बाइक सवार लड़कों ने उन्हें उनके ऑटो में बैठ जाने को कहा। कमला रानी ने बताया कि इसके बाद वह बेसुध हो गई थी। उन्हें पता ही नहीं लगा कि ऑटो चालक ने उन्हें कहां उतारा। शाम के करीब चार बजे वह पैदल घर पहुंची। फिर दो दिन बाद तक उन्हें नींद नहीं आई। फिर 25 फरवरी की रात उन्हें अपने सोने के कड़े गायब होने का पता लगा। उन्होंने शक जताया कि ऑटो चालक और बाइक सवार लड़कों ने ही धोखाधड़ी कर उनके कड़े चोरी किए हैं।