पंचकूला। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की कार्यकारिणी बैठक सेक्टर-16 स्थित अग्रवाल भवन में आयोजित हुई। बैठक में सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि इसकी अध्यक्षता पंचकूला के महापौर एवं हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष कुलभूषण गोयल ने की। सम्मेलन के राष्ट्रीय नेता सीबी गोयल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी भगवान अग्रसेन जयंती महोत्सव को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग ने बताया कि इस बार अग्रसेन जयंती बेहद खास होगी क्योंकि 50वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। इस अवसर पर 20 से 22 सितंबर तक अग्रोहा शक्तिपीठ में भव्य आयोजन होगा। 20 सितंबर की शाम को भजन संध्या होगी, जिसमें देशभर के 50 से अधिक प्रसिद्ध भजन गायक प्रस्तुति देंगे। 20 सितंबर को भव्य भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें देश के लगभग 50–60 ख्यातिप्राप्त भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनमें कोलकाता, रायगढ़, छत्तीसगढ़, राजस्थान, सवाई माधोपुर सहित हरियाणा के कई नामचीन कलाकार शामिल होंगे। 21 सितंबर को दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल समेत कई सांसद और विधायक शामिल होंगे। 22 सितंबर को महामंडलेश्वर नर्मदा शंकर जी महाराज की भागवत कथा और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। तीनों दिन अग्र चालीसा पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक आयोजन का सिलसिला चलेगा।