चंडीगढ़। सेक्टर-24/37 डिवाइडिंग रोड स्थित वाल्मीकि मंदिर के पास बुलेट सवार तीन लोगों ने एक एक्टिवा चालक को डंडा मारकर घायल कर दिया। उसके बाद उसकी एक्टिवा और 60 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। शिकायत के बाद संबंधित थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जीरकपुर निवासी शिशुपाल सिंह (22) ने शिकायत दी है कि वह सेक्टर-26 स्थित मंडी में महेश गुप्ता नाम के आढ़ती के पास रुपये इकट्ठा करने का काम करता है। प्रतिदिन की तरह वह सेक्टर-56 सब्जी मंडी में रुपये इकटठा करने गया था। वहां से 60 हजार रुपये मिले थे। सेक्टर-29 सब्जी मंडी की तरफ आते समय सेक्टर 37/24 डिवाइडिंग रोड के पास पीछे से बुलेट सवार तीन लोगों ने उसके सिर में डंडा मार दिया, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर गया। उसके बाद बदमाश उसका एक्टिवा व 60 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। शिकायत के बाद सेक्टर-थाना 39 पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।