227 रन के लक्ष्य का पीछा कर ब्लेज इलेवन को दो विकेट से हराया, मैन ऑफ द मैच बने नवीन
डीडब्ल्यूपीएस नाइट विल-2-विन क्रिकेट टूर्नामेंट का मुकाबला, ब्लेज इलेवन ने बनाए थे 226 रन
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। डीडब्ल्यूपीएस नाइट विल-2-विन क्रिकेट टूर्नामेंट में एस्ट्रोनॉट्स इलेवन ने ब्लेज इलेवन को दो विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। टीम की जीत के नायक नवीन दागी रहे, जिन्होंने नाबाद 102 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी एस्ट्रोनॉट्स इलेवन के सामने ब्लेज इलेवन ने 20 ओवर में छह विकेट पर 226 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ब्लेज की ओर से अंकुश ने 67 और सुमित गुज्जर ने 62 रन की अहम पारियां खेलीं। एस्ट्रोनॉट्स इलेवन की तरफ से रोहित त्यागी और महिंदर ने दो-दो विकेट झटके।
227 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एस्ट्रोनॉट्स इलेवन ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 227 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। नवीन दागी ने 102 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि राज ने 31 और संदीप पंचाल ने 29 रन का योगदान दिया।
ब्लेज इलेवन की ओर से युवराज ने तीन और तरुण शर्मा ने दो विकेट हासिल किए, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। नवीन दागी की मैच जिताऊ पारी ने एस्ट्रोनॉट्स इलेवन को टूर्नामेंट में यादगार जीत दिलाई।