पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने पार्टी संगठन को मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को उन्होंने प्रदेश मुख्यालय में पूरा दिन भाजपा का सभी मोर्चों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और उनसे फीडबैक लिया। इस बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के भाजयुमो, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, एससी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्षों व उनके महामंत्रियों ने हिस्सा लिया।
शर्मा ने सभी पदाधिकारियों के विचार सुने और उनसे समक्ष पार्टी की विजन पेश किया। इसके साथ ही पदाधिकारियों के साथ, प्रदेश में भाजपा की सक्रियता बढ़ाने संबंधी भावी रणनीति भी साझा की। उनके साथ प्रदेश संगठन महामंत्री दिनेश कुमार, प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर, प्रवीन बंसल, दयाल सिंह सोढ़ी, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जीवन गुप्ता, प्रदेश सचिव डॉ. सुभाष शर्मा भी उपस्थित थे। अश्वनी शर्मा ने कहा कि मोर्चे किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं। उन्होंने भाजयुमो के कार्यकर्ताओं से कहाकि आज प्रदेश में नौजवान भाजपा से जुड़कर खुद व देश को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं। शर्मा ने आह्वान किया कि वे अपने-अपने जिले में युवाओं को प्रधानमंत्री द्वारा युवाओं के लिए चलाई गई योजनाओं के बारे में जानकारी मुहैया करवाएं। शर्मा ने किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं से कहाकि कृषि प्रधान पंजाब में भारी संख्या किसानों की है। सभी जिलों में गांव-गांव जाकर किसानों की मुश्किलें सुनें। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से कहाकि भाजपा रसोई में काम कर रही हर उस महिला का संगठन है जो अपने परिवार का भरन-पोषण कर रही है। वे घर की हर महिला सदस्य से मिलकर उन्हें भाजपा की विचारधारा व महिलाओं के लिए मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दें।