दूसरे दिन भी स्मॉग की चादर, एक्यूआई 346 के करीब पहुंचा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। शहर में ठंड बढ़ने के साथ वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है। वीरवार को पंचकूला का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 346 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। इससे पहले बुधवार को एक्यूआई 330 और मंगलवार को 290 रहा था। लगातार दूसरे दिन शहर और आसपास के इलाकों में स्मॉग छाया रहा, जिससे लोगों को सर्दी के साथ सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सुधीर मोहन ने बताया कि अगले चार दिनों तक मौसम की स्थिति में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में एक्यूआई स्तर और बढ़ सकता है, जिसका सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार ठंड बढ़ने से हवा की गति कम हो गई है। हवा न चलने के कारण प्रदूषक कण वातावरण में ही फंसे रह जाते हैं और उनका फैलाव नहीं हो पाता। इसके अलावा शहर में वाहनों की बढ़ती संख्या से निकलने वाला धुआं, निर्माण स्थलों से उड़ती धूल और आसपास के इलाकों में पराली जलाने की घटनाएं भी प्रदूषण को बढ़ा रही हैं। इन सभी कारणों के संयुक्त प्रभाव से पंचकूला की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है।
ठंड के असर से कालका, पिंजौर, मोरनी, रायपुररानी और बरवाला में भी स्मॉग की स्थिति बनी रही। इस दौरान कई इलाकों में दृश्यता घटकर करीब 10 मीटर तक रह गई, जिससे वाहन चालकों को खासा सतर्क रहना पड़ा।