-डीसीपी अमरिंदर सिंह ने आर्थिक अपराध शाखा-1 और कालका थाने का किया निरीक्षण
-18 माह से लंबित मामलों की जांच की समीक्षा, एसआईटी के मामलों में भी तेजी लाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला. कालका। जमीन और संपत्ति से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करें और ठगी गई रकम की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई करें। यह निर्देश डीसीपी अमरिंदर सिंह ने आर्थिक अपराध शाखा-1 और कालका थाने के निरीक्षण के दौरान दिए। उन्होंने 18 माह से लंबित मामलों और एसआईटी द्वारा जांच किए जा रहे मामलों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा।
डीसीपी ने सेक्टर-12 स्थित आर्थिक अपराध शाखा में अधिकारियों के साथ बैठक कर शिकायतों और जांच की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद कालका थाने में हथियारों, मालखाने, जब्त वाहनों और रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की दक्षता परखने के साथ उनकी समस्याएं भी सुनीं।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि पुलिस इकाइयों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि व्यवस्था जवाबदेह बने और शिकायतों का समय पर निपटारा हो। इस दौरान एसीपी जोगेंद्र सिंह, थाना प्रभारी अजीत सिंह और शाखा प्रभारी तजिंद्र पाल सिंह मौजूद रहे।