पंचकूला। डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने एक तस्कर को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चार पिस्टल और चार कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी को डिटेक्टिव टीम ने वीरवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन का रिमांड मिला है। पकड़े गए आरोपी की पहचान चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा के सुमित उर्फ डांगर के रूप में हुई है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 30 जुलाई को डिटेक्टिव स्टाफ टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली कि थी कि एक युवक सेक्टर-20 के कुंडी गांव में अवैध हथियारों के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज मनदीप सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को दबोच लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से चार पिस्टल और चार कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के पास हथियार रखने का कोई लाइसेंस नहीं था।
आरोपी पर छह आपराधिक मामले दर्ज
एसीपी क्राइम ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि सुमित उर्फ डांगर के खिलाफ पहले से ही हत्या की कोशिश, लड़ाई-झगड़ा और आर्म्स एक्ट सहित 6 आपराधिक मामले चंडीगढ़ सहित अन्य स्थानों पर दर्ज हैं। यह संख्या अधिक भी हो सकती है। पुलिस आरोपी का क्रिमिनल रिकाॅर्ड खंगाल रही है। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क और संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।