संवाद न्यूज एजेंसी
अबोहर। संत नगर में बुधवार देर रात 10-12 हथियारबंद युवकों ने एक परिवार पर हमला बोल दिया। घर के मालिक ने अपने दो बच्चों सहित माैके से भागकर अपनी जान बचाई। हमलावरों की पत्थरबाजी में व्यक्ति घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हमलावरों ने पीड़ित के घर का पूरा सामान भी तोड़ दिया। घर के बाहर खड़ी स्कूटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अस्पताल में उपचाराधीन संत नगर निवासी सुनील ने बताया कि छह अक्तूबर की रात को उसका बेटा जब गली से गुजर रहा था, तो कुछ नशेड़ी युवकों ने मारपीट कर उसका मोबाइल छीन लिया था। उसने इसकी पुलिस को सूचना दी थी लेकिन पुलिस ने हमलावर युवकों पर कोई कार्रवाई नहीं की थी। इसी बात की रंजिश में उक्त युवक बुधवार देर रात अपने साथियों सहित हथियार लेकर आया। आरोपियों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। हमलावरों युवकों ने घर में रखे फ्रिज, एसी, टीवी, वाशिंग मशीन व रसोई का सामान तोड़ दिया। घर की छत पर लगी ग्रिल भी उखाड़ दी। सूचना पाकर पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो हमलावर भाग निकले। सुनील कुमार ने बताया कि उनके मोहल्ले में उक्त युवक नशा तस्करी करते हैं और वह समाजसेवी होने के नाते अन्य लोगों संग मिलकर नशा तस्करी का विरोध करता है इसलिए उक्त लोगों ने उसके घर पर हमला किया है। इस बारे में थाना प्रभारी ने कहा कि घायल के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।