पंचकूला। सेक्टर-5 के मेला ग्राउंड में बॉलीवुड अरिजीत सिंह का लाइव कंसर्ट देखने के लिए करीब 15 हजार लोग पहुंचे। इससे पहले लोगों ने दो घंटे तक लाइन में खड़े होकर अंदर जाने के लिए इंतजार किया। जब अरिजीत स्टेज पर गाने के लिए पहुंचे तो दर्शकों ने उनका तालियों से शानदार स्वागत किया। जैसे ही उन्होंने इलाही मेरा जिया-जिया...गाना शुरू किया तो दर्शक इसको सुनकर झूम उठे। उन्होंने अपने-अपने मोबाइल से वीडियो बनाने शुरू कर दिए।
इसके बाद अरिजीत ने एक से बढ़कर एक मशहूर फिल्मी गानों की शानदार प्रस्तुति दी। बड़ी स्क्रीन स्टेज के पास लगाई गई थी जिस पर लोग अरिजीत को गाते हुए देख रहे थे। वहीं जिन प्रशंसकों को कंसर्ट की टिकटें नहीं मिली, वह भी उनके गीत पर जमकर बाहर, दीवारों पर और आसपास के शोरूमों की छतों पर थिरकते नजर आए।। इस दौरान पुलिस बल मुस्तैद रहा। अरिजीत ने इसके बाद हमदर्द, तुझे याद कर लिया आयत की तरह, थोडी जगह दे दे मुझे, तेरा चेहरा जब नजर आए, चन्ना मेरेया, तुम ही हो आदि गीतों पर लोग जमकर झूमें। इसके साथ ही हमारी अधूरी कहानी... टाइटल सांग जब गया तो सभी दर्शकों ने तेज आवाज में उनका स्वागत किया। यहां पर ट्राइसिटी से भी बाहर से दर्शक पहुंचे हुए थे। अरिजीत के शानदार प्रदर्शन और भावपूर्ण ध्वनि परिदृश्य ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।