माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने के लिए सेक्टर-1 के लघु सचिवालय में सोमवार को उपायुक्त मोनिका गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान उपायुक्त ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को रोजाना एक्यूआई की रिपोर्ट को पेश करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्टोन क्रशर, निर्माण कार्यों समेत अन्य कार्यों का निरीक्षण कर पानी का छिड़काव करने, निर्धारित निर्देशों का पालन करवाने को कहा। अवहेलना करने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने रिपोर्ट में बताया कि सोमवार को जिला का एक्यूआई 200 है, जबकि शनिवार को एक्यूआई 181 दर्ज किया गया है। 10 से 14 नवंबर के बीच जिले का सबसे ज्यादा एक्यूआई 290 दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि शनिवार से हवा का प्रवाह शुरू हुआ है, जिससे जिले की स्थिति में सुधार हो रहा है। आने वाले समय में भी एक्यूआई में सुधार होने की संभावना है।
अभी स्कूलों की कक्षाएं निरंतर लगेंगी
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने कहा कि जिले का एक्यूआई दूसरे जिलों से कम है। वायु गुणवत्ता सूचकांक का लेवल दो दिन में सुधरा है। ऐसे में अभी स्कूलों में पढ़ाई जारी रखी जाए। उन्होंने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी से ब्लॉक वाइज रिपोर्ट ली। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दो ब्लॉक की एयर क्वालिटी अच्छी है, जबकि अन्य जगह स्थिति सामान्य स्तर की है। शिक्षा विभाग ने भी अभी स्कूलों की पढ़ाई जारी रखने का प्रस्ताव दिया। उपायुक्त ने आगामी आदेशों तक कक्षाएं निरंतर रखने के निर्देश दिए।
रेत, मिट्टी के वाहनों को ढककर ले जाएं
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कचरा, रेत, मिट्टी और अन्य सामग्री लेकर जाने वाले वाहनों को कवर करके आवाजाही करें। सड़कों पर पानी का छिड़काव करवाया जाए। जो आदेशों की अवहेलना करें उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि वेस्ट व पराली आदि पदार्थों में आग लगाने की घटनाओं पर रोक लगाई जाए। जिले में प्रदूषण फैलाने वाली सभी गतिविधियों पर रोक लगाई जाए। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे प्रदूषण से बचाव के उपायों को अपनाकर सावधानी बरतें। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अपराजिता, नगर निगम की ज्वाइंट कमिश्नर सिमरनजीत, जिला शिक्षा अधिकारी सतपाल कौशिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संध्या, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीजनल अधिकारी सुधीर मोहन मौजूद रहे।