पंचकूला। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज करने और पुरानी शिकायतों की सुनवाई के लिए उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के सदस्य फरवरी में विभिन्न स्थानों का दौरा करेंगे। निगम के प्रवक्ता ने बताया कि मंच के सदस्य 2 फरवरी को ऑपरेशन सर्कल कैथल, 4 फरवरी को ऑपरेशन सर्कल पानीपत, 7 फरवरी को ऑपरेशन सर्कल यमुनानगर, 9 फरवरी को ऑपरेशन सर्कल करनाल, 11 फरवरी को ऑपरेशन सर्कल पंचकूला, 14 फरवरी को ऑपरेशन सर्कल झज्जर, 17 फरवरी को ऑपरेशन सर्कल रोहतक, 18 फरवरी को ऑपरेशन सर्कल कुरुक्षेत्र, 21 फरवरी को ऑपरेशन सर्कल सोनीपत, 23 फरवरी को ऑपरेशन सर्कल अंबाला और 25 फरवरी को ऑपरेशन सब-डिवीजन बरवाला में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक सीजीआरएफ टीम के सदस्य शिकायतों की सुनवाई करेंगे और नई शिकायतें भी दर्ज करेंगे।
उन्होंने बताया कि इससे उपभोक्ताओं को अपने मामलों की सुनवाई की सुविधा निकटतम स्थान पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा क्षेत्रीय दौरे को छोड़कर कार्यालय आने वाले उपभोक्ताओं की शिकायतों का निवारण सीजीआरएफ मुख्यालय पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। उन्होंने बताया कि मंच के सदस्य उपभोक्ताओं की सभी प्रकार की समस्याओं की सुनवाई करेंगे। इसमें बिलिंग, वोल्टेज, मीटरिंग से संबंधित शिकायतें, कनेक्शन काटने और जोड़ने, बिजली आपूर्ति में बाधाएं, कार्यकुशलता, सुरक्षा, विश्वसनीयता में कमी और हरियाणा बिजली विनियामक आयोग के आदेशों की अवहेलना आदि शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि मंच द्वारा बिजली अधिनियम की धारा-126 और धारा-135 से 139 के अंतर्गत बिजली चोरी और बिजली के अनधिकृत उपयोग के मामलों में दंड, जुर्माना और धारा-161 के अंतर्गत जांच एवं दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों की सुनवाई नहीं की जाएगी।