चंडीगढ़। कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली कूच के दौरान रोके जाने पर सिंघु और टीकरी बॉर्डर पर धरने पर बैठे किसानों के लिए आप ने सेवादार टीमें तैनात की हैं। ये टीमें पार्टी द्वारा किसानों को दी जाने वाले सुविधाओं का जायजा ले रही हैं। इसमें दिल्ली के साथ ही पंजाब से भी आप के नेता और विधायकों को शामिल किया गया है। आप के पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह टीमों का नेतृत्व कर रहे हैं।
पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह ने बताया कि वे अकेले नहीं दिल्ली सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से आप के नेता और वॉलंटियर भारी संख्या में सिंघु, टीकरी, गाजियाबाद और दूसरे बॉर्डर पर चल रहे आंदोलन में न केवल हिस्सा ले रहे हैं, बल्कि सेवादार के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। धरना स्थान पर किसानों को आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए आप की तरफ से ये सेवादार टीमें गठित की गई हैं, जो दिल्ली की केजरीवाल सरकार के साथ संपर्क साध कर एक पुल का काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह समय किसी तरह की राजनीति करने का नहीं है। हमारा पेट भरने के लिए अन्न पैदा करने वाले अन्नदाता पर केंद्र सरकार की ओर से खोटी नीयत से डाली गई मुसीबत के समय साथ डटे रहने का है। जरनैल सिंह ने बताया कि आप पंजाब के अध्यक्ष व सांसद भगवंत मान, नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा, उप नेता और विधायिका सर्बजीत कौर माणूंके, किसान विंग के प्रधान और विधायक कुलतार सिंह संधवां, यूथ विंग के प्रधान और विधायक मीत हेयर, सह-प्रधान अनमोल गगन मान, विधायिका रुपिंदर कौर रूबी, विधायक प्रिंसिपल बुद्ध राम, मास्टर बलदेव सिंह, कुलवंत सिंह पंडोरी, मनजीत सिंह बिलासपुर, जै सिंह रोड़ी और अन्य नेता और विधायक भी किसानी संघर्ष में शामिल हैं।
महिला टीमें बांट रहीं सैनेटरी पैड
आप की महिला टीमों की ओर से धरने वाले स्थान पर घूम-घूम कर महिला आंदोलनकारियों को सैनेटरी पैड और अन्य सामग्री मुहैया करवाई जा रही है। पार्टी की महिला विंग की नेता सीमा सोढी ने बताया कि अब तक 3000 से अधिक महिला आंदोलनकारियों को सैनेटरी पैड और प्रतिदिन के लिए जरूरी अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। महिलाओं को पार्टी की ओर से अन्य डॉक्टरी सेवाएं भी दी जा रही हैं।