अमृतसर। जिले में 197 किलो हेरोइन तस्करी मामले में आरोपी व अकाली नेता अनवर मसीह के परिवार ने स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) पर 9 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप लगाए हैं। मसीह के बेटे जवॉय मसीह ने मंगलवार को आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में यह आरोप वारदात के करीब डेढ़ साल बाद लगाए हैं। जवॉय मसीह ने बताया कि मामले के बाद उनके पिता लगातार मानसिक तनाव में हैं।
उसने बताया कि 31 जनवरी 2020 को एसटीएफ ने आकाश एवेन्यू स्थित पिता की कोठी से 197 किलो हेरोइन पकड़ी थी। उस समय एसटीएफ ने एक अफगान नागरिक सहित शहर के 12 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके डेढ़ माह बाद एसटीएफ ने उसके पिता अनवर मसीह को भी गिरफ्तार कर लिया था।
उन्होंने बताया कि इसमें उसके पिता की कोई भूमिका नहीं थी। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि जिस अंकुश नामक युवक को अपनी कोठी किराए पर दी थी, उन्हें पता नहीं था कि वह नशे का कारोबार करता है। जवॉय ने आरोप लगाया कि इस दौरान एसटीएफ के एआईजी रछपाल सिंह और उनकी टीम ने उससे दस लाख रुपये की मांग करते हुए पिता को छोड़ने की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने रछपाल सिंह को बतौर रिश्वत 9 लाख रुपये दिए, लेकिन पिता को नहीं छोड़ा गया।
कोट-
अनवर मसीह राजनीतिक स्टंट खेल रहा है। जांच के दौरान उसने स्वीकार किया था कि छापे से कुछ दिन पहले कोठी बेचनी थी। बयाना भी हो गया था और कोठी की जगह की मिनती भी करवाई थी। इस दौरान क्या आरोपी को कोठी के अंदर हेरोइन, भट्ठी और अफगान नागरिक नहीं दिखा। लगाए गए आरोप गलत हैं। केस के डेढ़ साल बाद 9 लाख रुपए रिश्वत की बात करना ही बड़े सवाल खड़े करता है।
-रछपाल सिंह, एआईजी, अमृतसर।