रकम बरामदगी और पूछताछ के लिए हिरासत जरूरी : अदालत
संवाद न्यूज एजेंसी,
पंचकूला। निवेश के नाम पर 3.97 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में जिला अदालत ने आरोपी विकास खोबरा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने कहा कि ठगी की रकम बरामद करने और अन्य आरोपियों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए आरोपी से हिरासत में पूछताछ जरूरी है।
मामले के अनुसार, बीड़ घग्गर निवासी महिला ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दी थी कि अप्रैल 2026 में उसकी मुलाकात एक महिला से हुई थी। उसने घर बैठे कमाई और निवेश की रकम दोगुनी करने का लालच दिया। साथ ही गोवा टूर पैकेज देने का वादा भी किया। इसके बाद शिकायतकर्ता से एप डाउनलोड करवाकर अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई के जरिए 3.97 लाख रुपये ट्रांसफर करवाए गए। बाद में न रकम वापस मिली और न ही टूर पैकेज दिया गया।
इस मामले में 10 सितंबर 2026 को साइबर क्राइम थाना सेक्टर-20 में एफआईआर दर्ज हुई थी। आरोपी ने दावा किया कि उसने शिकायतकर्ता को 50 हजार रुपये दिए थे और उसे भी नुकसान हुआ है। हालांकि, अभियोजन पक्ष की दलीलों से सहमत होते हुए अदालत ने 11 नवंबर को जमानत याचिका खारिज कर दी।