पंचकूला। एसआईटी इंचार्ज एसीपी विजय नेहरा के नेतृत्व में पुलिस भर्ती फर्जीवाड़े के मामले में संलिप्त एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विरेंद्र कुमार निवासी जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। इस फर्जीवाड़े में अब तक आठ मामले दर्ज किए गए हैं और 104 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा पुलिस को सूचना दी गई की सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में पुलिस की भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा चल रही है। इस दौरान कुछ उम्मीदवारों के फिंगर प्रिंट का मिलान नहीं हो पा रहा है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि कुछ उम्मीदवारों की लिखित परीक्षा किसी दूसरे व्यक्ति से दिलवाई गई है।
सेक्टर-5 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस जांच में संलिप्त पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। एसीपी विजय नेहरा ने बताया कि पुलिस और अन्य विभाग में हुए फर्जीवाड़े में अब तक 104 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।