पंचकूला। वंदेमातरम के 150 वर्ष पूरे होने का स्मरणोत्सव 7 नवंबर से शुरू होगा जो विभिन्न चरणों में सालभर जारी रहेगा। जिला प्रशासन की ओर से जिला पंचकूला में वंदेमातरम स्मरण उत्सव आयोजन की तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं। डीसी सतपाल शर्मा ने सभी जिला अधिकारियों को वंदेमातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला स्तर और उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से वंदेमातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश भर में स्मरण उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसका राज्यस्तरीय समारोह 7 नवंबर को जिला अंबाला में होगा जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।