247 रन का लक्ष्य 18 ओवर में हासिल कर यंग गन्स को 8 विकेट से हराया
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। डायरेक्ट हिट विल टू विन नाइट टूर्नामेंट में पीकेएल पैंथर्स ने यंग गन्स को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टीम की जीत में अंकित ठाकुर ने 154 रन की विस्फोटक पारी खेली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यंग गन्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 246 रन बनाए। कप्तान पुनीत भारद्वाज ने शानदार शतक लगाते हुए 106 रन बनाए। गेंदबाजी में विनोद मचरा ने 3 विकेट हासिल किए।
247 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीकेएल पैंथर्स की शुरुआत आक्रामक रही। अंकित ठाकुर ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 154 रन जड़ दिए और मैच का रुख बदल दिया।
पीकेएल पैंथर्स ने 18 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। यंग गन्स की ओर से अनिल नेगी और मोहित को 1-1 विकेट मिला। शानदार बल्लेबाजी के लिए अंकित ठाकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।