श्री माता मनसा देवी ट्रॉफी में लड़के-लड़कियों की छह टीमें लेंगी हिस्सा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में 19 मई से श्री माता मनसा देवी ट्रॉफी संयुक्त अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियों की कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी।
टूर्नामेंट का आयोजन हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से किया जा रहा है। आयोजन सचिव अनिल आर्य ने बताया कि सभी मुकाबले ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला और पुरस्कार वितरण समारोह 28 मई की शाम को होगा।
प्रतियोगिता में आईवीसीए क्रिकेट अकादमी डेराबस्सी, चैंप्स क्रिकेट अकादमी पीरमुछल्ला, सीएल चैंप्स क्रिकेट अकादमी पंचकूला, सीडब्ल्यूएन क्रिकेट अकादमी पंजाब, कुरुक्षेत्र क्रिकेट अकादमी हरियाणा और सनराइज क्रिकेट अकादमी जीरकपुर की टीमें भाग लेंगी।
महासचिव अमरजीत कुमार और आयोजन सचिव अनिल आर्य ने बताया कि सभी मैच 25-25 ओवर के होंगे और ‘सुपर सब’ नियम के तहत खेले जाएंगे। छह टीमों को दो पूलों में बांटा गया है और प्रत्येक टीम कम से कम चार मैच खेलेगी।
सभी मुकाबले लाल गेंद और सफेद पोशाक में खेले जाएंगे। खिलाड़ियों को ‘मैन ऑफ द मैच’ समेत विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।