पंचकूला। नोएडा ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अमिता मारवाह एक्टिविटी टीम के खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। कोच अमिता मारवाह ने बताया कि दिव्या, अनामिका और तारा ने स्वर्ण पदक, आलम अंसारी और कुमकुम ने रजत पदक, रोशन व कनिका ने कांस्य पदक जीता। ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में पूरे देश से 2500 खिलाड़ी हिस्सा लेने पहुंचे थे।
अमिता मारवाह एक्टिविटी टीम के सारे बच्चे गरीब परिवारों से हैं। ज्यादातर बच्चे झुग्गियों में रहते हैं। आलम अंसारी के पिता गन्ने के जूस की रेहड़ी लगाते हैं। किसी की मां कोठियों में काम करती है और किसी के पिता मजदूरी करते हैं। बच्चे हर रोज 2 घंटे अभ्यास करते हैं। उनकी डाइट टीम की ओर से दी जाती है। कोच अमिता मारवाह, असिस्टेंट कोच हिमांशी मारवाह व मैनेजर अनिल भी इस चैंपियनशिप में टीम के साथ गए थे।
टीम के 10 खिलाड़ी स्टेट रेफरी चुके
अमिता मारवाह ने बताया कि उनकी टीम के पहले भी 10 खिलाड़ी स्टेट रेफरी चुके हैं। 3 खिलाड़ी एनआइएस कोच व 8 खिलाड़ी अलग-अलग स्कूलों में नौकरी कर रहे हैं। वह इन गरीब बच्चों के स्किल डेवलपमेंट के लिए भी काम कर रही हैं। उनका मानना है कि यदि खिलाड़ी स्किल डेवलपमेंट कर लेंगे तो उन्हें किसी के आगे हाथ नहीं फैलाने पड़ेंगे।