हरियाणा सरकार ने अंबाला शहर के बस स्टैंड का नामकरण पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज के नाम पर करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस आशय के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
उन्होंने बताया कि अंबाला शहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक असीम गोयल ने एक पत्र के माध्यम से इस बस अड्डे का नाम सुषमा स्वराज के नाम पर रखने का आग्रह किया है। शर्मा ने बताया कि स्वराज देश की प्रख्यात राजनीतिज्ञ थीं, जोकि अंबाला शहर से संबंध रखती थीं।
गौरतलब है कि 14 फरवरी को उनका जन्मदिन है, इसलिए बस अड्डे का नामकरण भी उसी दिन से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार के इस निर्णय से प्रदेश की अन्य बेटियों को भी अपने कार्यक्षेत्र के शिखर पर पहुंचने की प्रेरणा मिलेगी।