कालका। अल्पाइन स्कूल में सीबीएससी की नोर्थ जोन-2 जूडो चैंपियनशिप सम्पन्न हुई। इस दौरान एक सप्ताह तक चले मुकाबलों में जम्मू, हिमाचल, हरियाणा, पंजाब ओर चंडीगढ़ से लगभग 150 स्कूलों के 700 बच्चों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में इंडियन मॉडर्न स्कूल सोनीपत, डीएवी इंटरनेशनल स्कूल अमृतसर, डीएवी पब्लिक स्कूल कैथल, जीडी गोयनका जम्मू, सिद्धांत इंटरनेशनल हिसार, विजया सीनियर सेकेंडरी स्कूल बहादुरगढ़, एचडी पब्लिक स्कूल रोहतक, रेडिएंट स्कूल झज्जर, वुडस्टॉक पब्लिक स्कूल गुदरासपुर, एसआर आश्रम अमृतसर, शाह सतनाम जी बाॅयज और गर्ल्स स्कूल ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में अल्पाइन स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अप्लाइन की टीम ने एक स्वर्ण, छह रजत और सात कांस्य पदक हासिल किए। लड़कों की टीम ने 2 रजत और 3 कांस्य पदकों के साथ कुल पांच पदकों पर कब्जा किया। लड़कियों की टीम ने एक स्वर्ण, चार रजत ओर 4 कांस्य पदकों के साथ 9 पदक प्राप्त किए।
अंडर-17 के सभी भार वर्ग में अल्पाइन ने सामूहिक रजत ट्राफी प्राप्त की। स्कूल के चेयरमैन ने प्रतियोगिता के दौरान लड़कियों के शानदार प्रदर्शन की जमकर सराहना की और कहा कि यह स्कूल के लिए एक स्वर्णिम क्षण था।