चंडीगढ़। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2024 से सम्मानित करेगा, जिसके लिए शिक्षक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रदेश के शिक्षा विभाग ने पंजाब के सभी स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं कि इस अवार्ड के लिए सभी स्कूलों द्वारा अपनी एंट्री भेजी जानी चाहिए, ताकि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन काम कर रहे शिक्षकों का भी इस अवार्ड के लिए चयन हो सके। विभाग ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों व स्कूल प्रमुखों को निर्देश जारी किए हैं। विभाग की तरफ से जानकारी दी गई है कि www.nationalawardstoteachers.education.gov.in वेबसाइट पर जाकर इस अवार्ड के लिए 15 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है। 23 जून को आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन शिक्षकों की तरफ से इसमें अधिक रुचि नहीं दिखाई गई है। यही कारण है कि विभाग ने आदेश जारी किए हैं कि अगले पांच दिन के अंदर ज्यादा से शिक्षकों का आवेदन करवाया जा सके।
अनुबंध पर कार्यरत शिक्षक व शिक्षा मित्र इसके लिए आवेदन नहीं कर सकते हैं। इन आवेदनों की प्रक्रिया को पूरा करवाने व मूल्यांकन के लिए विभाग की तरफ से जिला चयन समिति भी गठित की गई है। इसमें जिला शिक्षा अधिकारी, स्कूल प्रमुख, डिप्टी कमिश्नर को शामिल किया गया है। यह पुरस्कार ऐसे होनहार व कर्त्तव्यनिष्ठ शिक्षकों के लिए एक प्रेरणास्त्रोत है, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और परिश्रम के माध्यम से न केवल स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है, बल्कि अपने विद्यार्थियों के जीवन को भी समृद्ध बनाया है।