अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़/खडूर साहिब। माझा में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता हरमीत सिंह संधू मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। सीएम भगवंत मान और आप पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने पार्टी में उनको शामिल करवाया।
संधू को तरनतारन सीट पर प्रत्याशी बनाया जा सकता है। हालांकि उपचुनाव में टिकट के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह एक वर्कर बनकर पार्टी में आए हैं और पार्टी की तरफ से जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे ईमानदारी से निभाने के लिए तैयार हैं। अकाली दल में कोई सुनवाई नहीं होती थी, जिसके चलते ही वह आप में शामिल हुए हैं।
हरमीत संधू तरनतारन विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार विधायक रहे हैं। 2002 में वह पहली बार निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत कर विधायक बने थे। उसके बाद उन्होंने दाे बार 2007 और 2012 में शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर चुनाव जीता। 2017 और 2022 विधानसभा के विधानसभा चुनाव में वह दूसरे नंबर थे।
संधू का पार्टी में स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि आप के लिए यह बेहद खुशी की बात है। जब हम छोटे होते थे उस समय से यह चुनाव जीतते आ रहे हैं। इनके तजुर्बे का हम पार्टी को मजबूत बनाने में इस्तेमाल करेंगे।
मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने जब पार्टी बनाई थी, उस समय उन्होंने कहा था कि रिवायती पार्टियों में भी अच्छे लोग भी हैं, जो उसमें घुटन महसूस करते हैं। उन्हें हम आम आदमी पार्टी में लेकर आएंगे। हम राजनीति में अच्छे लोगों का समूह बना रहे हैं।
संधू ने कहा कि करीब 30 साल से मैं सियासत में हूं और हर बार तरनतारन के लोगों ने मुझे पूरा प्यार और सम्मान दिया। आप सरकार की साफ नीति और नियत ने मुझे आम आदमी पार्टी में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। मेरा मकसद है कि सरकार के साथ मिलकर अपने इलाके का विकास करुं।
विधानसभा में बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून लाने के फैसले से भी बेहद प्रभावित हूं। यह कानून लाना पंजाब और सिख संगतों के लिए बहुत जरूरी था।