चंडीगढ़। बिपुल शर्मा के ऑलराउंडर प्रदर्शन की बदौलत एजी हरियाणा ने एजी पंजाब को 73 रन से हराकर नार्थ जोन ऑडिट एंड अकाऊंट्स क्रिकेट टूर्नामेंट के खिताब पर कब्जा किया। क्रिकेट स्टेडियम-16 में खेले गए मुकाबले में एजी हरियाणा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुरिंदर सिंह के 1 छक्के व 16 चौकों की मदद से नाबाद 120 रन व बिपुल शर्मा के 2 छक्के व 1 चौके की मदद से नाबाद 54 रन तथा प्रीत कमल के 54 रन की पारी की बदौलत 40 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 303 रन बनाए।
एजी पंजाब की ओर से जसकरन व अर्पित पन्नू ने 1-1 विकेट झटका। लक्ष्य का पीछा करने के लिए मैदान में उतरी एजी पंजाब की पूरी टीम 33.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 270 रन ही बना सकी। इसमें प्रशांत चोपड़ा ने शानदार शतक लगाते हुए 114 रन की पारी खेली लेकिन टीम को जिताने में सफल नहीं हो सके। टीम के 5 ऐसे बल्लेबाज रहे जो दस रन का आंकड़ा भी नहीं छू सके। विजेता टीम की ओर से बिपुल शर्मा ने बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए 39 रन देकर 5 विकेट तथा करन ने 62 रन देकर 3 विकेट व करनवीर ने 2 विकेट झटके।
बिपुल मैन ऑफ द मैच व गुरिंदर बने मैन ऑफ द सीरीज
फाइनल मैच में ऑलराउंडर प्रदर्शन की बदौलत बिपुल शर्मा को मैन ऑफ द मैच का अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। एजी हरियाणा के बल्लेबाज गुरिंदर सिंह को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह के दौरान रिटायर्ड आईएएस विवेक अत्रे मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होेंने विजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।