पंचकूला। युवती को शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म के आरोपी बरवाला निवासी सुमित को गिरफ्तार करने में पुलिस अब तक नाकाम रही है। आरोपी उसके खिलाफ केस दर्ज होने के समय से ही फरार है। मामले की शिकायतकर्ता पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब आठ माह पूर्व आरोपी से उनकी दोस्ती हुई। उनके बीच नजदीकियां बढ़ी और आरोप है कि उसी दौरान सुमित ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती को शादी का झांसा देकर आरोपी ने मरते दम तक उसके साथ रहने की बात कही। पीड़िता का आरोप है कि सुमित ने उन्हें अपने परिजनों से भी मिलवाया था। आरोप है कि इसके बाद पीड़िता सुमित और उसके परिजनों की सहमति से उनके घर आने-जाने लगी। आरोप है कि सुमित ने उसी दौरान युवती से शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सुमित शादी का झांसा देकर करीब आठ माह तक उससे दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता ने आरोपी की मां पर भी उसे धमकाने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 12 फरवरी को आरोपी सुमित पर दुष्कर्म के तहत केस दर्ज किया था, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।