पंचकूला। 41 साल से 430 दुकानदारों को पक्की छत का इंतजार है। वर्तमान में वे टीम शेड के नीचे कारोबार कर परिवार पाल रहे हैं, लेकिन उन्हें सर्दी और गर्मी के मौसम में कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा नहीं है कि उन्होंने समस्या के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों से गुहार नहीं लगाई, लेकिन उनकी सुनवाई आजतक नहीं हुई। अब उन्हें हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष से आस है कि वे उन्हें पक्की छत मुहैया करवाएंगे। इसी संबंध में चारों रेहड़ी मार्केट के प्रधान सोमवार सुबह 10 बजे संयुक्त रूप में ज्ञानचंद गुप्ता से मुलाकात करेंगे और रेहड़ी मार्केट को पक्का करवाने की मांग करेंगे।
रेहड़ी मार्केट के दुकानदारों को सबसे ज्यादा परेशानी बरसात के मौसम में होती है। बारिश होने पर टीन शेड से पानी टपकता है। मार्केट के अंदर की गलियां कच्ची होने के कारण पानी जमा हो जाता है, जो कई दिनों तक निकलता नहीं है। ऐसे में दुकानदारों को सामान खराब होने का भय सताता है। मार्केट में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरा न लगा होने के कारण सामान भी चोरी हो जाता है।
मार्केट में शौचालय की सुविधा नहीं
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा दुकानदारों को जगह तो अलॉट कर दी गई, लेकिन यहां कारोबार करने वालों की सुविधा के लिए रेहड़ी मार्केट में एक भी शौचालय की सुविधा मुहैया नहीं करवाई गई। यही कारण है कि यहां खरीदारी करने के लिए आने वाले ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। दुकानदार वर्तमान में अस्थायी शौचालय बनाकर काम चला रहे हैं, लेकिन महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। दुकानदार लंबे समय से शौचालय बनवाने की मांग कर रहे हैं।
सिर्फ आश्वासन पर आश्वासन मिला
सेक्टर-7 रेहड़ी मार्केट के प्रधान मंगल सिंह राणा, सेक्टर-9 रेहड़ी मार्केट के प्रधान राज राणा, सेक्टर-11 रेहड़ी मार्केट के प्रधान अजेंद्र हुड्डा और सेक्टर-17 रेहड़ी मार्केट के प्रधान सतीश चंद्र गुप्ता ने बताया कि एचएसवीपी ने मार्केट में शौचालय बनवा रखा है, लेकिन मार्केट में आने वाले खरीदार उसका प्रयोग नहीं कर पाते हैं क्योंकि रात में आठ बजे के बाद शौचालय पर ताला लग जाता है। कई मार्केट में तो पेयजल की सुविधा तक नहीं है। शौचालय के स्थान पर टीन शेड डाला गया है। वे समस्याओं के समाधान को लेकर हरियाणा निधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता से मुलाकात करेंगे और मार्केट को पक्का करवाने की मांग करेंगे।
किस सेक्टर की रेहड़ी मार्केट में कितनी दुकानें
सेक्टर-7 रेहड़ी मार्केट : 68
सेक्टर-9 रेहड़ी मार्केट : 150
सेक्टर-11 रेहड़ी मार्केट : 125
सेक्टर-17 रेहड़ी मार्केट : 87