सेक्टर-16 स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान से साढ़े पांच लाख रुपये के गहने दुकानदार की आंखों के सामने चोरी हो गए और उसे पता भी नहीं चला।
चोरों ने भी कमाल किया, चोरी करने के बाद दुकानदार को तीन हजार रुपये चेन बनाने की एवज में एडवांस दे गए। दुकानदार को तो उस वक्त पता चला, जब दुकान बंद करते समय सामान समेटने लगा।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात को अंजाम दो युवकों ने दिया है और वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है।
मौके से मिली जानकारी के मुताबिक, सेक्टर 16 स्थित विमल ज्वैलर्स में दोपहर बाद दो युवक आए। एक युवक ने दुकान मालिक विमल प्रकाश को उलझा लिया और गहने दिखानें को कहा।
कभी चेन दिखाने की बात कहता, तो कभी बच्चों के कंगन। इसी बीच दूसरे युवक ने सोने के कुछ जेवर अपनी जेब में डाल दिए। सीसीटीवी में कैद फुटेज के मुताबिक, दोनों युवक वीरवार दोपहर करीब चार बजे दुकान में दाखिल हुए।
पहले उन्होंने बच्चे के हाथ के कंगन मांगे, फिर चेन और उसके बाद अंगूठी देखने लगे। इसी बीच एक युवक ने युवक ने अंगूठियों का एक पैकेट करीब सवा चार बजे अपनी जेब में डाल लिया।
कुछ मिनट बाद ही और गहने उठाकर जेब में डाल लिए। कुछ देर और बिताने के बाद एक युवक ने दुकानदार विमल को तीन हजार रुपये दिए और कहा कि कल अपनी पत्नी के साथ चेन लेने आएगा।
विमल को अपने साथ हुई वारदात का करीब नौ बजे पता चला, जब वह सामान समेटने लगे और उस डिब्बे पर ध्यान गया, जिसमें से युवकों को गहने दिखा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, चोर बाइक को विमल ज्वैलर्स के पीछे खड़ी करके आए थे। वहां, एटीएम के सीसीटीवी कैमरे में बाइक की फुटेज आई है। विमल ने पुलिस को बताया कि उसकी दुकान से 27 सोने की अंगूठियां, दो सोने के कड़े, दो चेन सेट युवक चोरी कर ले गए।