एसआर कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस में दो वर्षीय कोर्स के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 11 अक्टूबर को होगा टेस्ट
10+2 पास विद्यार्थी कर सकते हैं आवेदन, विलंब शुल्क के साथ 20 सितंबर तक मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। एसआर कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस, बरवाला में दो वर्षीय वेटरनरी लाइवस्टॉक डेवलपमेंट डिप्लोमा कोर्स में दाखिले शुरू हो गए हैं। इस कोर्स के लिए इच्छुक विद्यार्थी 13 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए 11 अक्टूबर को टेस्ट आयोजित किया जाएगा, जिसके आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बिमल शर्मा ने बताया कि इंस्टीट्यूट ऑफ पैरा वेटरनरी साइंसेज, लाला लाजपत राय यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज, हिसार से मान्यता प्राप्त एसआर कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस, बरवाला में दो वर्षीय वेटरनरी लाइवस्टॉक डेवलपमेंट डिप्लोमा कोर्स के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 10+2 मेडिकल, नॉन-मेडिकल, आर्ट्स अथवा किसी भी संकाय से उत्तीर्ण विद्यार्थी इस कोर्स के लिए पात्र हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 13 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन शुल्क 2000 रुपये रखा गया है। वहीं, 600 रुपये विलंब शुल्क के साथ 20 सितंबर 2026 तक आवेदन किया जा सकेगा।
डॉ. शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से 11 अक्टूबर 2026 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। इसके बाद काउंसलिंग की तिथि घोषित कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि प्रवेश, परीक्षा परिणाम और काउंसलिंग से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए समय-समय पर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।