आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन और साइबर सिक्योरिटी की होगी पढ़ाई
पंचकूला पॉलीटेक्नीक इंजीनियरिंग करवाने वाला हरियाणा का पहला संस्थान बना
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-26 स्थित गवर्नमेंट पॉलीटेक्नीक संस्थान में अब बीटेक की 90 सीटों पर दाखिला होगा। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की 30, रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन की 30 और ऑटोमेशन और साइबर सिक्योरिटी की 30 सीटें होंगी। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता की ओर से पत्र लिखा गया था। अनुमति मिलने के बाद दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। 31 अगस्त तक आवेदन किए जा सकेंगे। इसके बाद दूसरी काउंसिलिंग में विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा। दाखिला पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा। दाखिले की अंतिम तिथि 15 सितंबर रहेगी। इंजीनियरिंग करवाने वाला पंचकूला पॉलीटेक्नीक हरियाणा का पहला संस्थान बना गया है।
बता दें कि सेक्टर-26 गवर्नमेंट पॉलीटेक्नीक संस्थान में इंजीनियरिंग में बीटेक के लिए दाखिला प्रकिया शुरू की गई है। तीनों कोर्सों के लिए 30-30 सीटों पर 90 विद्यार्थियों का दाखिला होगा। साथ ही संस्थान को इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्युनिकेशन में डिप्लोमा की भी 60 सीटें मिली हैं। कुल मिलाकर यहां 150 सीटें नई आई हैं। इन कोर्सों के शुरू करने के लिए हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है। संस्थान के प्रिंसिपल दलजीत सिंह ने बताया कि यह इस क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।
2 अगस्त को कोर्स शुरू करने की मिली अनुमति
प्रिसिंपल दलजीत सिंह ने बताया कि बीते 2 अगस्त को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने संस्थान में इंजीनियरिंग में बीटेक कोर्स शुरू करने की अनुमति दी गई थी। सेक्टर-26 राजकीय पॉलीटेक्नीक कॉलेज और आसपास के लोगों की ओर से विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता से यहां इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने की मांग कर रहे थे। इस संबंध में उनकी ओर से बीती 7 अप्रैल को उच्चतर शिक्षा विभाग के मंत्री मूलचंद शर्मा को पत्र लिखा गया। प्रदेश सरकार ने 3 दिन के भीतर उनकी मांग को स्वीकार कर अधिकारियों को इस संबंध आवश्यक निर्देश जारी कर दिए।