पंचकूला। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने मंगलवार को सेक्टर-1 के लघु सचिवालय के सभागार में स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुखार (डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया) से बचाव को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उपायुक्त ने उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को डेंगू रोकने और डेंगू का लारवा न पनपने को लेकर उचित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को नोटिस जारी करें कि बच्चे फुल बाजू की शर्ट और पैंट में ही स्कूल आएं।
उपायुक्त ने पंचकूला नगर निगम पंचकूला और कालका नगर परिषद को जिला में फॉगिंग कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छरजनित बीमारी को रोकने के लिए विभागों को अपने-अपने कार्यों को पूरा करने की जरूरत है। उन्होंने जिलावासियों से अपील की है कि वो भी अपने घरों के अंदर व आस पास के एरिया की अच्छे से सफाई करें व पानी जमा न होने दें ताकि वहां पर मच्छर ना पनप सके।
इस मौके पर सिविल सर्जन डाॅ. संदीप, डिप्टी डीईओ सुमन चैधरी, नगर निगम कालका के सीएसआई मदनलाल, डाॅ. यादवेंद्र सिंह, सिविल अस्पताल के पीएमओ डाॅ. आरएस चौहान, सीनियर मेडिकल ऑफिसर डाॅ. मनीष, पब्लिक हेल्थ एसडीओ धर्मेंद्र सिंह, एचएसवीपी एसडीओ उमेश कुमार मत्स्य विभाग के लेखाकार प्रवीण कुमार, सीएसआई एमसी पंचकूला अविनाश, एसडीओ एचएसवीपी सुखेदव सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
डीईओ को दिया फुल बाजू ड्रेस कोड का निर्देश
डीसी मोनिका गुप्ता ने बताया कि डेंगू का मच्छर दिन के समय में गर्दन से नीचे काटता है और यह 0 से 18 साल के बच्चों को ज्यादा प्रभावित करता है। इस बात को देखते हुए शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि जिला के सभी स्कूलों में विद्यार्थी फुल बाजू की कमीज और पेंट डालकर आएं। सभी स्कूलों की तरफ से इस निर्देश पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें। उन्होंने डीईओ को सभी सरकारी व निजी स्कूलों में बच्चों को पूरी बाजू के पैंट शर्ट पहनने के लिए पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
आसपास पानी जमा न होने दें
उपायुक्त ने जिला के नागरिकों से अपने घरों की छतों की सफाई व पानी जमा होने वाली चीजों को विशेष तौर पर साफ करने व घरों के आस पास साफ पानी जमा न हो, इसकी ओर विशेष ध्यान दें और घरों में साफ पानी को ढक कर रखने की अपील की ताकि डेंगू का लारवा ना पनपे और जिला वासी डेंगू के प्रभाव से बच सकें। उपायुक्त ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व नगर निगम को कबाडि़यों के यहां पड़े कबाड में पानी भरने से संबंधित उन्हें अवगत कराएं। अगर कबाड़ी अपने यहां की सफाई न रखें तो उनके चालान करें। उन्होंने माढ़ावाला और नानकपुरा में सड़क किनारे बैठे कबाड़ियों व जो लोग उद्योगों से प्लास्टिक का सामान खरीद कर लाते है उनकी विशेष चेकिंग करने के निर्देश दिए ताकि डेंगू का लारवा प्लास्टिक के सामान में पानी जमा होेने की वजह से न फैले और यह लोग अपने सामान की साफ सफाई सही तरीके से रखें। उपायुक्त ने डेंगू का लारवा पनपने से रोकने के लिए जिले के सभी तालाबों में मछली छोड़ने के मछली पालन विभाग व जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को फॉलोअप करने के निर्देश दिए।
दोबारा लारवा मिला तो होगा चालान
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को कहा कि जहां पर लारवा मिलने के बाद नोटिस दिया है वहां पर नगर निगम व परिषद की टीमों के साथ दोबारा सर्वे करें और दोबारा से लारवा मिलने पर उनका चालान किया जाए। उन्होंने शहरी स्थानीय निकाय, एचएसवीपी, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी और अन्य संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियां पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को डेंगू प्रोन एरिया पर फोकस रखने को कहा और समय समय पर उस क्षेत्र की विजिट करके लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए ताकि डेंगू के प्रभाव से लोगों को बचाया जा सके।