पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित पेट्रोल पंप के समीप 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में पुलिस ने कोताही बरतने पर जांच कमेटी गठित कर दी है। इसके अलावा दो पुलिस कर्मचारियों को भी निलंबित कर दिया है। एएसपी मनप्रीत सिंह सूदन का कहना है कि जांच में जिस भी पुलिसकर्मी की कार्रवाई में कोताही मिलेगी, उस पर कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को दो मासूमों को अगवा कर एक ऑटो संचालक ने 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म किया था।
बाद में बच्ची लहूलुहान अवस्था में घर पहुंची और पिता को सारी आपबीती बताई। इसके बाद बच्ची के दिव्यांग पिता न्याय के लिए चौकी और थानों के चक्कर काटता रहा। रात एक बजे बच्ची का पिता सेक्टर-5 महिला थाने पहुंचा। उसके बाद बच्ची को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। महिला पुलिस ने बच्ची के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान मुस्तकी (23) बुढ़नपुर निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बच्ची की हालत अब स्थिर है। सूत्रों की माने तो दो पुलिस कर्मियों को इस मामले में निलंबित भी किया गया है।