पंचकूला। मोबाइल टावरों की फीस जमा ना करवाने वाली कंपनियों के लिए मुसीबतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मेयर कुलभूषण गोयल ने मंगलवार को अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि बुधवार से रोजाना 3 से 5 टावरों के कनेक्शन काटे जाएं। यदि इसके बावजूद भी कंपनियों द्वारा निगम को पैसा नहीं जमा करवाया जाता है तो एक सप्ताह बाद 10 टावरों के रोजाना कनेक्शन काटे जाएं।
निगम एरिया में 290 टावर हैं, लेकिन केवल 40 टावरों के ही पैसे जमा करवाए गए हैं। लगभग 40 करोड़ रुपये विभिन्न कंपनियों से वसूला जाना है। सोमवार को नगर निगम द्वारा वार्ड नंबर-20 में दो टावरों के कनेक्शन काटे थे। इसके बाद मंगलवार को टावर कंपनियों के प्रतिनिधि निगम कमिश्नर और मेयर कुलभूषण गोयल से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह जितना भी पैसा बनता है जमा करवा देंगे। विभिन्न कंपनियों द्वारा मंगलवार को एक करोड़ रुपये केबल लाइन के जमा करवा दिए गए।
कुलभूषण गोयल ने कहा कि निगम को चलाने के लिए फंड की काफी आवश्यकता है। सरकार द्वारा भी हिदायतें दी जा चुकी हैं कि निगम अपने स्तर पर फंड जुटाए, इसलिए जहां पर करोड़ों रुपये निगम के फंसे हैं, उसे लेने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा। गोयल ने निगम कमिश्नर धर्मबीर सिंह और ज्वाइंट कमिश्नर संयम गर्ग को कहा कि वह निजी तौर पर इस पूरे अभियान पर नजर रखे हैं। किसी भी तरह की कोताही बरतने वाले कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
मेयर कुलभषण गोयल के कार्यकाल में 8 महीने में मोबाइल टावर कंपनियों से लगभग 3.50 करोड़ रुपये वसूले जा चुके हैं, जबकि उससे पहले कई वर्षों के मात्र दो से ढाई करोड़ रुपये ही आए थे। निगम के अधिकारियों को निर्देश हैं कि जितना भी पैसा टावर कंपनियों की तरफ बकाया है उसे वसूला जाए। इस मौके पर बैठक में निगम कमिश्नर धर्मबीर सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर संयम गर्ग, सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर विजय गोयल, कंसलटेंट स्वाति आनंद, डीएमसी दीपक सुरा, एक्सईएन संजीव गोयल, मुख्य सफाई निरीक्षक अविनाश सिंगला एवं बिल्डिंग ब्रांच से संबंधित अधिकारियों कर्मचारियों मौजूद रहे।