पंचकूला। त्योहारों के मद्देनजर पंचकूला के खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गौरव शर्मा और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने शहर की विभिन्न मिठाई की दुकानों, दूध की डेयरियों, किराने की दुकानों और अन्य स्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने जांच के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में मिठाई बनाने वाली फैक्टरी की मशीनों को सील कर दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अनुपम इटिंग हाउस, औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 से गुलाब जामुन, श्री मिष्ठान औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 से बेसन के लड्डू और बीकानेर मिष्ठान भंडार पिंजौर से खोया और माजरी चौक स्थित गुप्ता स्वीट्स से खोया के नमूने लेकर विश्लेषण के लिए भेजा। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट करनाल भेजी गई है। अगर इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी मिली तो इन सभी दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी गौरव शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर विश्लेषण के लिए भेजा है। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने नहीं खाने योग्य पदार्थों को नष्ट करवाया तथा सभी मिठाई विक्रेताओं एवं निर्माताओं व अन्य खाद्य पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों को ताजा व शुद्ध खाद्य पदार्थ बेचने की हिदायत की। इसके साथ-साथ सभी दुकानदारों को दूषित व बासी मिठाई न बेचने की चेतावनी दी गई ताकि यदि कोई भी दुकानदार दूषित व मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।