अतिक्रमण हटाओ दस्ता सेक्टर-14 में झुग्गी झोपड़ियों को जेसीबी से हटाता हुआ।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। अतिक्रमण को लेकर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण सख्त हो गया है। मंगलवार को भी सेक्टर-14 में 90 झुग्गी-झोपड़ियों को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया। विभागीय अधिकारियों ने यहां तीसरी बार बड़ी कार्रवाई कर सरकारी जमीन को खाली करवाया है, लेकिन लोग कुछ दिन बाद ही दोबारा से झुग्गी-झोपड़ी बना लेते हैं। ऐसे लोगों को सबक सिखाने के लिए विभागीय अधिकारियों ने अब पुलिस कार्रवाई का फैसला किया है। विभाग की संपदा अधिकारी ममता शर्मा ने बताया कि अतिक्रमण को लेकर उन्हें लगातार शिकायत मिल रही है। इसी के मद्देनजर उन्होंने अतिक्रमण हटाओ दस्ते को कार्रवाई का आदेश दिया है। सेक्टरों के अंदर खाली पड़ी सरकार की जमीन पर झुग्गी-झोपड़ी बनाकर लोग शहर की सुंदरता खराब करने का काम कर रहे हैं।
सेक्टर-14 में अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने जैसे ही कार्रवाई शुरू की तो कब्जाधारी रोकने के लिए आगे बढ़े। लेकिन, विभागीय अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी ने सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में यहां करीब दो घंटे की कार्रवाई के दौरान 90 झुग्गियों को तोड़कर गिरा दिया गया। इतना ही नहीं कुछ लोगों ने यहां सीमेंट से भी छोटे-छोटे कमरे बना रखे थे, जिसे भी तोड़ दिया गया।
संपदा अधिकारी ममता शर्मा ने बताया कि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता भी अतिक्रमण को लेकर काफी सख्त हैं। उन्होंने भी निर्देश दिए हैं कि शहर में एक भी अतिक्रमण नहीं रहना चाहिए। वहीं, दूसरी तरफ अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने कई बाजारों में रेहड़ी फड़ी वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की।