पंचकूला। सेक्टर-19 क्राइम ब्रांच की टीम ने पर्स स्नेचर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनींद्र सिंह निवासी तख्तूमाजरा जिला पटियाला के रूप में हुई है। पुलिस ने जिला अदालत में आरोपी मनींद्र सिंह को पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। सेक्टर-19 क्राइम ब्रांच की टीम के इंचार्ज इंस्पेक्टर कर्मबीर सिंह ने बताया कि 21 नवंबर 2020 को शिकायतकर्ता इभा कुमारी ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह निजी अस्पताल सेक्टर-21 में बतौर नर्स काम करती है।
अस्पताल के सामने दो बाइक सवार आरोपियों ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स के अंदर से इभा का मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी की आरसी, पैन कार्ड, वोटर कार्ड, कार का इंश्योरेंस, कार की चाबी, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और दो हजार रुपये नकद थे। सेक्टर-5 पुलिस ने स्नैचिंग की धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।