ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक पानीपत में मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर करने के बदले रिश्वत लेने के मामले में आरोपी डॉ. नवीन कुमार को अदालत से विदेश जाने की अनुमति मिल गई है। पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत ने उन्हें नौकरी के अवसर तलाशने के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जाने की मंजूरी दी है। हालांकि, अदालत ने इसके लिए 30 लाख रुपये की एफडीआर या बैंक गारंटी जमा कराने की शर्त रखी है।
डॉ. नवीन कुमार ने अदालत में याचिका दायर कर 10 से 28 नवंबर तक दुबई जाने की अनुमति मांगी थी। उन्होंने अदालत में जमा अपना पासपोर्ट भी अस्थायी रूप से वापस देने का अनुरोध किया था। याचिका में बताया गया कि दुबई की एक कंपनी ने उन्हें मेडिकल डायरेक्टर के पद पर नौकरी का प्रस्ताव दिया है। वह कंपनी के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत मुलाकात कर इस ऑफर की पुष्टि करना चाहते हैं।
सीबीआई ने जताई थी फरार होने की आशंका
सीबीआई ने विदेश यात्रा की अनुमति देने का विरोध करते हुए अदालत में आशंका जताई कि आरोपी विदेश जाकर फरार हो सकता है। हालांकि, अदालत के संज्ञान में यह भी आया कि 29 जुलाई 2026 को डॉ. नवीन को विदेश जाने की अनुमति मिली थी और उन्होंने सभी शर्तों का पालन करते हुए निर्धारित समय पर भारत वापसी की थी।
6 फरवरी को हुई थी गिरफ्तारी
सीबीआई ने 6 फरवरी 2026 को ट्रैप लगाकर डॉ. नवीन कुमार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। इसके बाद 5 मार्च को उन्हें जमानत मिली थी। जमानत की शर्तों के तहत उनका पासपोर्ट जमा कराया गया था और अदालत की अनुमति के बिना विदेश जाने पर रोक लगाई गई थी। अब अदालत ने निर्धारित अवधि के लिए यूएई यात्रा की अनुमति दे दी है।