पंचकूला। सेक्टर-20 साइबर थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के जरिये 13 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के शातिर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिसार निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां उसका दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि 28 फरवरी 2025 को पंचकूला निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके साथ मनी लॉन्ड्रिंग के झूठे केस में फंसाकर 13 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। शिकायतकर्ता को बीते 13 जनवरी को एक कॉल आई थी, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को एयरटेल ऑफिस का प्रतिनिधि बताया और बाद में कॉल ट्रांसफर कर दी। दूसरी ओर से कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए कहा कि शिकायतकर्ता का नाम मनी लॉन्ड्रिंग केस में शामिल है और उसके खाते में 56 लाख रुपये जमा हुए हैं। इसके बाद उसे मुंबई पुलिस के नाम से एक व्हाट्सएप वीडियो कॉल प्राप्त हुई, जिसमें एक व्यक्ति पुलिस वर्दी में नजर आया। आरोपी ने डर का माहौल बनाकर पीडि़त को डिजिटल अरेस्ट कर लिया और पांच दिनों तक उससे संपर्क बनाए रखा। इसी दौरान आरोपियों ने समझौते के नाम पर 13 लाख रुपये की ठगी कर ली।