साइबर थाना पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर दबोचा
गुरुग्राम भोंडसी जेल से लाकर दो दिन के रिमांड पर लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। टेलीग्राम के जरिए निवेश का झांसा देकर 19.20 लाख रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने एक आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुरुग्राम की भोंडसी जेल से लाकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान वरुण निवासी खरड़ के रूप में हुई है, जो पहले से ही अन्य साइबर ठगी मामलों में जेल में बंद था। जांच में सामने आया कि ठगी के लिए उसके बैंक खाते का इस्तेमाल किया गया।
पीड़ित को टेलीग्राम एप के माध्यम से निवेश का लालच दिया गया। आरोपियों ने एक महिला के नाम से फर्जी आईडी बनाकर पहले छोटे-छोटे टास्क पूरे करवाए और भरोसा जीतने के लिए कुछ रकम वापस भी की। इसके बाद लिंक के जरिए उसे एक ग्रुप में जोड़कर अलग-अलग खातों में पैसे जमा करवाए गए।
लालच में आकर पीड़ित ने यूपीआई, गूगल पे, एनईएफटी और आरटीजीएस के माध्यम से कई बार रकम ट्रांसफर कर दी। बाद में जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने आरबीआई नियमों का हवाला देकर और पैसे जमा कराने को कहा, जिससे उसे ठगी का अहसास हुआ।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर हेल्पलाइन के जरिए मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। बैंक खातों की पड़ताल में आरोपी वरुण की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।