माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। आर्थिक अपराध शाख ने क्रेडिट कार्ड में मुनाफे का लालच देकर करीब 20 लोगों से 5 करोड़ से अधिक रुपये ठगने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी भूप सिंह ने बताया कि रतपुर, पिंजौर निवासी अमरीक सिंह ने शिकायत दी थी कि कॉलोनी में एक लक्की नामक युवक लोगों से ठगी करता था। उसकी करियाना की दुकान पर आने वाले लोगों को क्रेडिट कार्ड के नाम पर हर माह लाखों रुपये मुनाफा देने का लालच देता था।
पिछले दिनों 3 माह में 15 से 20 लोगों से उसने करोड़ों रुपये की ठगी की और परिवार के साथ रातोंरात गायब हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शुक्रवार को आरोपी लक्की बंसल को मोहाली के खरड़ से गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उसे पंचकूला कोर्ट में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
जांच अधिकारी भूप सिंह ने बताया कि आरोपी लक्की बंसल के साथ उसकी पत्नी वैशाली बंसल भी ठगी में उसका साथ देती थी। 2018 में भी लक्की बंसल ने पंजाब के बठिंडा में करोड़ों की ठगी की और पिंजौर में आकर रहने लगा था। यहां ठगी करने के बाद लक्की बंसल ने मोहाली के खरड़ में करियाना की दुकान खोल ली थी। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि आरोपी खरड़ में भी ऐसी ही ठगी तो नहीं कर रहा था। भूप सिंह ने बताया कि पीड़ित अमरीक सिंह के ही अकेले के साथ 2 करोड़ 55 लाख की ठगी हुई है। बाकी 15 से 20 लोगों से भी करीब 3 से 4 करोड़ की ठगी हुई है।