चंडीगढ़-देहरादून मार्ग पर गांव फिरोजपुर के नजदीक शनिवार शाम करीब सात बजे सीटीयू ट्रांसपोर्ट की वॉल्वो बस एक कार को बचाने के प्रयास में पलट गई। बस देहरादून से चंडीगढ़ जा रही थी। हादसे में दस यात्री घायल हो गए। उनको एंबुलेंस और निजी वाहनों से रायपुररानी अस्पताल पहुंचाया गया। थाना प्रभारी रामपाल सिंह भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
बस में सवार रायपुररानी निवासी यात्री विकास गर्ग ने बताया कि वह कालाअंब से रायपुररानी के लिए बस में चढ़ा था। रास्ते में हुए हादसे में बाल-बाल बच गया। रायपुररानी थाना प्रभारी रामपाल सिंह ने बताया कि हादसे में घायल सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना से जुडे़ अन्य कारणों की जांच की जा रही है।